मोकामा और गोपालगंज सीट पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई। वोटों की गिनती 6 नवंबर को होगी।
बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने अपनी जीत का दावा किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि राज्य में प्रशासनिक अराजकता और भ्रष्टाचार व्याप्त है। लोगों ने दोनों जगहों पर लोगों ने इसके खिलाफ वोटिंग की है। मतदाताओं ने जेडीयू और आरजेडी का गठबंधन अस्वीकार कर दिया है।
विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार में एक डिप्टी सीएम के पास 5-5 विभाग यह दर्शाता है कि इन्हें विभागीय कार्य कुशलता से कोई मतलब नहीं है। जहां दो राजा होते हैं, वहां प्रजा हमेशा दुखी रहती है। अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण मिलता है और वे सुरक्षित एवं सुखी रहते हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता तार किशोर प्रसाद ने भी कहा कि मोकामा और गोपालगंज में बीजेपी की जीत सुनिश्चित है। मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा है। खासकर युवा और महिला वोटरों ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। उपचुनाव में जनता ने सत्ताधारी महागठबंधन सरकार को नकार दिया है।
बता दें कि मोकामा और गोपालगंज सीट पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई। वोटों की गिनती 6 नवंबर को होगी।