सहरसा: बिहार के सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के रहुआ गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के रहुआ वार्ड संख्या-3 निवासी रघुनंदन साह (65 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रघुनंदन साह घर से दवा लेने के लिए स्थानीय चौक जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक सीएनजी ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, सहरसा पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों के अनुसार, रघुनंदन साह पशुपालन विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। करीब दस वर्ष पहले वे सरकारी सेवा से रिटायर हुए थे। वे अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलते ही बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुट गई है तथा सीएनजी ऑटो और उसके चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इधर, मृतक के परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित जांच अभियान और सड़क सुरक्षा के सख्त इंतजाम करने की मांग उठाई है ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संवाददाता: इन्द्रदेव जी, सहरसा






