धनबाद में कृषि बाजार कर्मी के घर पर बमबाजी, देर रात धमाके से दहशत; मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त

धनबाद: जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बमबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने कृषि बाजार कर्मी कमलेश्वर बेलदार के घर को निशाना बनाया। धमाके की चपेट में आने से घर का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, देर रात कमलेश्वर बेलदार अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। इसी दौरान मुख्य दरवाजे के पास अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही परिवार के लोग घबरा गए और कुछ देर बाद बाहर निकलकर देखा तो दरवाजा क्षतिग्रस्त मिला। मौके पर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई नहीं दिया।

 

पीड़ित कमलेश्वर बेलदार ने बताया कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है और न ही किसी तरह के विवाद या अवैध कारोबार से उनका कोई लेना-देना है। ऐसे में उनके घर को निशाना बनाए जाने की वजह समझ से परे है। उन्होंने इस घटना की लिखित शिकायत रामकनाली ओपी पुलिस को सौंप दी है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर अपराधियों की मंशा क्या थी और उन्होंने इसी घर को क्यों निशाना बनाया। फिलहाल इस मामले में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

 

रामकनाली ओपी पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

बमबाजी की इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

 

संवाददाता: नीतीश कुमार

  • Related Posts

    अजय नदी में बहते मिले युवक की पहचान हुई, पश्चिम बर्दवान का निकला; दो दिन से था लापता

    जामताड़ा।ग्रामीणों ने नदी से निकालकर बचाई जान, नाला पुलिस ने इलाज के बाद परिजनों को सौंपा नाला थाना क्षेत्र के पाथरघाटा गांव के समीप अजय नदी में बहते हुए मिले…

    दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, कार्यकर्ताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि

    जामताड़ा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *