भागलपुर टैलेंट सर्च फुटबॉल लीग: चांदपुर की शानदार जीत, फतेहपुर बी और फरका के बीच मुकाबला रहा गोलरहित




भागलपुर टैलेंट सर्च फुटबॉल लीग 2026 के दूसरे दिन सोमवार को जिले के तीन अलग-अलग मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। शिव शंकर क्रीड़ा स्थल पर आयोजित मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

दिन का पहला मुकाबला चांदपुर और लैलख की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन चांदपुर की टीम ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर एक महत्वपूर्ण गोल दागकर मैच में बढ़त बना ली। निर्धारित समय तक लैलख की टीम बराबरी का गोल करने में सफल नहीं हो सकी और चांदपुर ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासित और तकनीकी खेल का प्रदर्शन किया, जिसकी दर्शकों ने भी सराहना की।

दूसरा मुकाबला फतेहपुर बी टीम और फरका के बीच खेला गया। यह मैच काफी संघर्षपूर्ण रहा, जहां दोनों टीमों ने कई बार गोल करने के अवसर बनाए, लेकिन किसी भी टीम के खिलाड़ी गेंद को गोलपोस्ट के भीतर पहुंचाने में सफल नहीं हो सके। परिणामस्वरूप मुकाबला गोलरहित (0-0) ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों की रक्षापंक्ति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम के हर हमले को विफल कर दिया।

मुकाबलों का सफल संचालन निर्णायक मंडली के सदस्य रंजीत जी, प्रद्युम्न जी, राकेश जी एवं आदित्य जी ने किया। वहीं आयोजन को सफल बनाने में संयोजक भवेश कुमार के साथ उदय जी, संजीव जी, प्रमोद जी, गौतम जी, सुमित जी तथा अमरजीत जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

भागलपुर टैलेंट सर्च फुटबॉल लीग के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों ने स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को एक बार फिर सामने लाया। आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

संवाददाता: रजनीश कुमार, भागलपुर

Sponsored Advertisement
  • Related Posts

    सहरसा में मकान की ऊपरी मंजिल में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; 2 लाख रुपये तक का नुकसान

    सहरसा शहर के पुरानी बस स्टैंड के पास एक मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते…

    बेगूसराय में सवर्ण हुंकार सभा में अजीत भारती का मोदी सरकार पर हमला, गिरिराज सिंह और मोहन भागवत को भी घेरा

    बेगूसराय के कला दिनकर भवन में आयोजित सवर्ण हुंकार सभा में प्रसिद्ध पॉडकास्टर एवं स्थानीय निवासी अजीत भारती ने बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। सभा में हजारों की संख्या में…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *