खगड़िया। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खगड़िया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक लाख रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उसे बेहतर इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खगड़िया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 28 नवंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गंगौर थाना क्षेत्र के रहने वाले मिथिलेश महतो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वह चौंथम थाना कांड संख्या 181/26 में वांछित था। इस मामले में उस पर बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले संभावित वारदात को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की। इसके बाद सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसटीएफ एसओजी-03, अभियान दल-08, डीआईयू खगड़िया और चौंथम थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर गिरफ्तारी का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार मिथिलेश महतो का आपराधिक इतिहास काफी गंभीर रहा है। दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में 2015 में एक मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। नौ साल जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आया था। इसके अलावा गंगौर थाना क्षेत्र में 2024 में हत्या कर शव जमीन में गाड़ने और चौंथम थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।
खगड़िया पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।






