दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने ही पांच साल के मासूम बेटे की हत्या कर दी। घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर नारायणपुर पंचायत स्थित दरगाह टोला की है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने पांच साल के बेटे की हसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से जख्मी कर लिया।
क्या कहते हैं परिजन?
परिजन अमरजीत कुमार के अनुसार, पति-पत्नी के बीच कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पति-पत्नी की हालत नाजुक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पति-पत्नी को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
क्या कहती है पुलिस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच के लिए साक्ष्य जुटाए। बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घायलों की स्थिति में सुधार होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
मासूम की मौत से गांव में आक्रोश
पांच साल के मासूम की हत्या से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। आखिर एक पारिवारिक विवाद ने इतनी बड़ी वारदात का रूप कैसे ले लिया, पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है।





