राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के दोनों गुटों का वर्षों पुराना विवाद शनिवार को समाप्त हो गया। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इंटक के 34वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में चंद्रशेखर दुबे गुट और के.के. तिवारी गुट का औपचारिक रूप से ऐतिहासिक विलय हो गया। इस विलय के बाद संयुक्त इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी निर्विरोध निर्वाचित हुए। उनके निर्वाचन से झारखंड के पलामू जिले में भी खुशी का माहौल है।
28 नवंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय महाधिवेशन में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन की भी विशेष उपस्थिति रही। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए मजदूर संगठनों और यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
महाधिवेशन के दौरान संगठन के अन्य पदों पर भी चुनाव संपन्न कराया गया। इसमें अभय कुमार दुबे को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा के.के. तिवारी को महासचिव चुना गया। इसके साथ ही मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, श्रम कानूनों और संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एन. त्रिपाठी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता देशभर के मजदूरों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान करना है। खदानों, कारखानों, रेलवे, बैंकों और असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए संयुक्त इंटक पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही महाधिवेशन में शामिल होने और मार्गदर्शन देने के लिए मीरा कुमार को धन्यवाद दिया।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि संगठन में लंबे समय से चले आ रहे विभाजन के कारण मजदूरों की आवाज कमजोर हुई थी। दोनों गुटों के एक मंच पर आने से अब श्रमिकों की समस्याओं को लेकर संगठित तरीके से संघर्ष किया जा सकेगा। इंटक का यह विलय देश के मजदूर आंदोलन में एकता और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








