बोकारो में चोरों का आतंक, तीन महीने से बंद पड़े घर को बनाया निशाना



बोकारो : जिले के चीरा चास थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। इलाज के लिए पिछले तीन महीने से वेल्लोर गए एक बुजुर्ग के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। बदमाश घर से जेवरात, टीवी, इनवर्टर, इंडक्शन और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, चीरा चास थाना क्षेत्र के गांधाजोड़ निवासी करीब 60 वर्षीय विजय कुमार मिश्रा पिछले तीन माह से इलाज के सिलसिले में वेल्लोर में रह रहे हैं। उनके घर में कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने 14 जून की रात वारदात को अंजाम दिया।

रविवार सुबह जब उनके छोटे भाई शिव नारायण मिश्रा घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला देखकर उन्हें शक हुआ। पहले उन्हें लगा कि परिवार का कोई सदस्य घर आया होगा, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही उनके होश उड़ गए। घर के सभी कमरों के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत गृहस्वामी और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।

मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पाया गया कि घर की आलमारी और लॉकर तोड़ दिए गए थे। चोर टीवी, इंडक्शन, इनवर्टर, कपड़े और अन्य कीमती सामान अपने साथ ले गए। घर में रखे बक्सों को भी खंगाल दिया गया था और कपड़े इधर-उधर फेंके गए थे।

परिजनों के अनुसार, विजय कुमार मिश्रा की पत्नी और बहू के जेवरात भी चोरी हो गए हैं। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 7 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं नगद राशि और अन्य सामानों के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही चीरा चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। इस बड़ी चोरी की घटना ने क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Posts

नालंदा में चोरी का अनोखा कांड: रातों-रात गायब हुईं 2500 मुर्गियां, पोल्ट्री फार्म खाली कर ले गए चोर

नालंदा में चोरी का अनोखा कांड: रातों-रात गायब हुईं 2500 मुर्गियां, पोल्ट्री फार्म खाली कर ले गए चोर

विद्यालयों से उठी नशामुक्ति की अलख, छात्रों ने प्रभात फेरी निकालकर दिया समाज को जागरूकता का संदेश

विद्यालयों से उठी नशामुक्ति की अलख, छात्रों ने प्रभात फेरी निकालकर दिया समाज को जागरूकता का संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *