
भागलपुर। दिल्ली-एनसीआर में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा बिहार की महिलाओं और हिंदू परंपरा के प्रतीक सिंदूर को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विवाद गहराता जा रहा है। इस टिप्पणी को लेकर महिलाओं में नाराजगी देखी जा रही है। वहीं, अब इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। बिहार भाजपा की प्रदेश महामंत्री एवं मीडिया पैनलिस्ट प्रीति शेखर ने कॉमेडियन की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तीखा हमला बोला है।
भागलपुर में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रीति शेखर ने कहा कि बिहार में एक कहावत प्रचलित है कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते। यश माहेश्वरी को बिहार की महिलाओं का अपमान करने का परिणाम समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब बिहार की महिलाएं लतिया देंगी, तब उन्हें समझ में आएगा कि महिलाओं की अस्मिता और सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का क्या मतलब होता है।
प्रीति शेखर ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं में सिंदूर का विशेष महत्व है। खासकर बिहार के सबसे बड़े लोक आस्था के महापर्व छठ में महिलाएं पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ सिंदूर लगाती हैं। ऐसे पवित्र प्रतीक की तुलना पुरुष के निजी अंग से करना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि हास्य और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की आस्था, संस्कृति और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने की छूट नहीं दी जा सकती।
उन्होंने इस मामले में कॉमेडियन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही बिहार सरकार से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाने की अपील की। प्रीति शेखर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी टिप्पणी के लिए केवल माफी मांगना पर्याप्त नहीं होना चाहिए और संबंधित व्यक्ति को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। किसी भी मंच से मनोरंजन के नाम पर महिलाओं और उनकी धार्मिक-सांस्कृतिक भावनाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।





