
धनबाद : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को धनबाद पुलिस लाइन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों की चित्रकला प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छात्रों ने अपनी पेंटिंग के जरिए कोयलांचल की जिंदगी, कोयला खनन से जुड़ी समस्याओं और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। वहीं, बेहतर पुलिसिंग करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बोकारो रेंज के आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद आईजी ने छात्रों की ओर से लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। पेंटिंग में कहीं कोयला खदानों में खनन की प्रक्रिया दिखाई गई, तो कहीं कोलियरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की दिनचर्या और उनकी परेशानियों को रंगों के माध्यम से उकेरा गया। इसके साथ ही खनन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान और संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
प्रदर्शनी में शामिल छात्रा निहारिका मंडल ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से छात्रों को कोलियरी क्षेत्रों का भ्रमण कराया गया था। वहां की जीवनशैली, खनन प्रक्रिया और लोगों की समस्याओं को करीब से देखने के बाद उन्होंने अपने अनुभवों को पेंटिंग के माध्यम से प्रस्तुत किया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने उम्मीद से बेहतर चित्र तैयार किए हैं। इन पेंटिंग में क्षेत्र की समस्याओं और कमियों को भी सामने लाया गया है। प्रशासन का प्रयास होगा कि प्रतिभाशाली छात्रों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिले।
आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने भी छात्रों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान त्योहारों में बेहतर पुलिसिंग और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।






