सहरसा जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के केंद्र कन्दाहा सूर्य मंदिर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। मंदिर को एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से विकास की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसी क्रम में कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के अभियंताओं की विशेष तकनीकी टीम पटना से कन्दाहा पहुंची और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वेक्षण किया।
तकनीकी टीम का मुख्य उद्देश्य कन्दाहा सूर्य मंदिर के समग्र विकास के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार करने के लिए जरूरी तकनीकी और भौतिक जानकारियां जुटाना है। सर्वेक्षण के दौरान टीम ने मंदिर की वर्तमान संरचना, परिसर की स्थिति, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, पहुंच पथ तथा विकास की संभावनाओं का आकलन किया।
डीपीआर तैयार होने के बाद मंदिर के संरक्षण, सौंदर्यीकरण, आधारभूत संरचनाओं के विकास और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के विस्तार की विस्तृत योजना बनाई जाएगी। इसका उद्देश्य मंदिर को धार्मिक आस्था के केंद्र के साथ-साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से भी राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
गौरतलब है कि कन्दाहा सूर्य मंदिर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला, ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक महत्ता के कारण विशेष स्थान रखता है। इसके योजनाबद्ध विकास से सहरसा जिले की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ ही पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थलीय सर्वेक्षण को मंदिर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रारंभिक कदम माना जा रहा है।
इस संबंध में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने बताया कि कन्दाहा सूर्य मंदिर राज्य पुरातत्व निदेशालय द्वारा संरक्षित अति महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर मंदिर के विकास से संबंधित कई कार्य पूरे किए जाने हैं, जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डीपीआर तैयार होने और प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन से कन्दाहा सूर्य मंदिर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।





