पटना के ओम विहार रेस्टोरेंट में खाद्य संरक्षा विभाग की छापेमारी, अनियमितता मिलने पर तीन दिनों के लिए किया गया बंद, 30 किलो चना दाल जब्त

पटना : बिहार की राजधानी पटना में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को कदमकुआं स्थित ओम विहार रेस्टोरेंट में छापेमारी के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग ने रेस्टोरेंट को तीन दिनों के लिए बंद करा दिया। साथ ही प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस निलंबित कर सुधार नोटिस भी जारी किया गया है।

 

Sponsored Advertisement

खाद्य संरक्षा इकाई की टीम ने बुधवार, 25 नवंबर को रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया। प्रतिष्ठान में कर्मचारियों का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा कीट नियंत्रण की समुचित व्यवस्था नहीं मिली। इन खामियों को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

 

छापेमारी के दौरान टीम ने 2,850 रुपये मूल्य की 30 किलोग्राम चना दाल जब्त की। जांच में पाया गया कि दाल के पैकेट पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि का विवरण अंकित नहीं था। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए हल्दी पाउडर, पनीर और चना दाल के नमूने भी संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।

 

कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट में रखे कई खाद्य पदार्थों को भी नष्ट कराया गया। इनमें गुड़ वाली चाय के सात पैकेट (कुल 3.5 किलोग्राम), एक किलोग्राम मटन की कलेजी, स्लाइस ब्रेड का एक पैकेट, दो किलोग्राम तैयार मिक्स वेज, तीन किलोग्राम पकी हुई मूंग दाल और दो किलोग्राम क्लासिक चाउ शामिल हैं।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Posts

इस्लामपुर स्कूल विवाद: जांच में चावल गबन का आरोप बेबुनियाद, शिक्षकों की सुरक्षा के लिए डीईओ ने लिखा पत्र

सहरसा नवहट्टा नगर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में मध्याह्न भोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। विद्यालय में शिक्षकों के साथ कथित…

लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का डीआईजी ने दिया निर्देश, तीनों जिलों के एसपी के साथ की समीक्षा

सहरसा। कोशी क्षेत्र में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ.…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *