
भागलपुर। नाथनगर की होनहार बेटी और बिहार पुलिस की महिला सिपाही रेशम कुमारी को मंगलवार की सुबह नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। महज 23 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली रेशम का पार्थिव शरीर सोमवार देर रात नाथनगर स्थित तुलसी मिश्रा लेन के पैतृक आवास पहुंचा। बेटी का शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, इस दुखद खबर से पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।
मंगलवार की सुबह करीब 9:30 बजे परिजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में रेशम की अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम दर्शन के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई अपनी लाडली बेटी की एक झलक पाने को बेताब दिखा। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें नम थीं। गमगीन माहौल के बीच लोगों ने नम आंखों से रेशम को अंतिम विदाई दी।
इलाज के दौरान एम्स में हुआ निधन
परिजनों के मुताबिक, दो-तीन दिन पहले रेशम कुमारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें आनन-फानन में एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां वह बेहोश हो गईं। डॉक्टरों ने करीब 72 घंटे तक उन्हें निगरानी में रखा, लेकिन उन्हें होश नहीं आया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्स (AIIMS) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार देर रात परिजनों को उनके निधन की सूचना मिली। रेशम के चाचा अजय पासवान ने यह जानकारी दी।
परिवार की उम्मीदों पर टूटा दुखों का पहाड़
रेशम कुमारी नाथनगर के तुलसी मिश्रा लेन निवासी अशोक पासवान की पुत्री थीं। उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्ष 2025 में रेशम का बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हुआ था। वर्तमान में उनकी तैनाती समस्तीपुर में थी। दो भाई-बहनों में रेशम सबसे बड़ी थीं। उनका छोटा भाई दसवीं कक्षा का छात्र है और इस वर्ष बोर्ड परीक्षा देने वाला है। परिवार को रेशम से काफी उम्मीदें थीं। मेहनत और संघर्ष से पुलिस की नौकरी हासिल करने वाली बेटी के असमय निधन ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। नाथनगर में हर आंख नम है और हर जुबां पर रेशम की यादें हैं।





