भागलपुर। नवगछिया पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कदवा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने युवक ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है। वहीं, नाबालिग के अपहरण मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर अपहृता को सकुशल बरामद किया गया है। इसके अलावा दो वारंटियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 13 अक्टूबर 2026 को कदवा थाना क्षेत्र के गोला टोला के समीप ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान मधेपुरा जिले के विपेन्द्र सिंह उर्फ विपीन कुमार, दिलीप दास और भागलपुर जिले के पप्पू कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पप्पू कुमार ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई। उसने बताया कि वर्ष 2000 में उसके पिता और 2014 में उसके भाई की हत्या मृतक के परिवार द्वारा कर दी गई थी। इसी रंजिश में उसने अपने ममेरे जीजा विपेन्द्र सिंह के साथ मिलकर ज्योतिष कुमार की हत्या की साजिश रची। हत्या के लिए दोनों शूटरों को 50-50 हजार रुपये की सुपारी तय की गई थी और 10-10 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे। पप्पू की निशानदेही पर उसके घर से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में नवगछिया थाना क्षेत्र के नाबालिग अपहरण मामले में पुलिस ने आरोपी बबलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में शादी की नीयत से नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है।
वहीं, न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर मो. मोजिम उर्फ नजीर और मो. अमानत खान को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





