सहरसा। प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर सहरसा की बेटी पूजा कुमारी ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। युवा वक्ता एवं राष्ट्रीय चैंपियन पूजा कुमारी का लगातार तीसरी बार Youth Parliament के लिए चयन हुआ है। अब वह इस मंच पर अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने Viksit Bharat Young Leaders Dialogue–2027 की चयन प्रक्रिया में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
23 नवंबर 2026 को East and West Teacher Training College में Ministry of Youth Affairs and Sports, भारत सरकार के अंतर्गत My Bharat की ओर से आयोजित Youth Parliament प्रतियोगिता में पूजा ने ‘नशा मुक्ति युवा : विकसित भारत’ विषय पर प्रभावशाली वक्तव्य दिया। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, इसके सामाजिक दुष्परिणाम और राष्ट्र निर्माण में नशामुक्त युवाशक्ति की भूमिका को प्रमुखता से उठाया। उनके शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर निर्णायकों ने उनका चयन किया। कार्यक्रम में DIG, कॉलेज के चेयरमैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इससे पहले 20 नवंबर को पूजा ने Viksit Bharat Young Leaders Dialogue–2027 की चयन प्रक्रिया में लगभग 1.45 करोड़ युवाओं के बीच विभिन्न कठिन चरणों को पार कर अगले चरण में जगह बनाई। इसका अगला चरण नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा।
पूजा इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं और National Champion रह चुकी हैं। वक्तृत्व कला और युवा कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने कई राज्य एवं राष्ट्रीय मंचों पर सहरसा और बिहार का प्रतिनिधित्व किया है। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री और खेल मंत्री सहित कई प्रमुख हस्तियों से सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिला है।
पूजा कुमारी के पिता रामकुमार साह हैं और उनके दादा स्वर्गीय सोनेलाल साह थे। लगातार तीसरी बार Youth Parliament में चयन और 1.45 करोड़ युवाओं के बीच राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल करना उनकी मेहनत और संघर्ष का प्रमाण है। सहरसा की बेटी की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।





