
जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मोहनपुर मोड़ के समीप मंगलवार को ट्रक और चांदनी यात्री बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में करीब आठ यात्री घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।
घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पिकअप वाहन के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. अर्नब स्वरूप ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
घायलों में बिनोद दास (65), करोना देवी (56), दिवाकर भंडारी (66), बंशीका कुमारी (3), अंकुश कुमार (37), मुमताज अंसारी (18) और मरियम मुर्मू (30) शामिल हैं। चिकित्सक के अनुसार, घायलों में दो की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद पीएमसीएच रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज नारायणपुर सीएचसी में जारी है।
बताया जाता है कि चांदनी यात्री बस धनबाद से दुमका की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक जामताड़ा से नारायणपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान मोहनपुर मोड़ के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि बस में 50 से अधिक यात्रियों के सवार होने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया।





