जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत सिमलाडंगाल पंचायत के मुरुडीह शिव मंदिर परिसर में तीन दिसंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। नारीशक्ति संगठन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को नारीशक्ति संगठन की महिलाओं ने फतेहपुर बाजार में अक्षत वितरण अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं ने घर-घर और दुकानों तक पहुंचकर लोगों को अक्षत देकर श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
संगठन की जिला अध्यक्ष आभा आर्या ने बताया कि तीन दिसंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके बाद चार से दस दिसंबर तक वृंदावन धाम के प्रसिद्ध कथावाचक यशोदानंदन जी महाराज अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
आभा आर्या ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने का आध्यात्मिक माध्यम है। इसके माध्यम से लोगों को भक्ति, प्रेम, त्याग, सदाचार और धर्म के महत्व की जानकारी मिलती है। कथा श्रवण से मानसिक एवं आध्यात्मिक शांति के साथ जीवन में अच्छे संस्कारों की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, माताओं, बहनों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की। आयोजन को सफल बनाने के लिए नारीशक्ति संगठन की महिलाएं लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही हैं।
इस अवसर पर नीतू मोदी, प्रभादेवी मोदी, अर्चना कुमारी, मीना कुमारी, सुनीता मेहरिया, रेनू मेहरिया, शोभा कुमारी, टींकी सामंत, रीना कुमारी सहित संगठन की अन्य महिलाएं मौजूद थीं।







