रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए फिल्मी अंदाज में एटीएम लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बस डिपो के समीप स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से बदमाशों ने महज आठ मिनट के भीतर 32 लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने गैस कटर की मदद से एटीएम के कैश बॉक्स को काट दिया और उसमें रखी पूरी नकदी निकालकर फरार हो गए। वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों का पीछा शुरू किया गया।
बताया जाता है कि बदमाश मोहनिया की ओर भाग रहे थे। पुलिस की घेराबंदी और पीछा करने के दौरान अपराधी अपनी बोलेरो गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि वाहन से कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
घटना के बाद पुलिस, बैंक अधिकारियों और एटीएम में नकदी भरने वाली एजेंसी से जानकारी जुटा रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि अपराधियों को एटीएम में मौजूद इतनी बड़ी रकम की जानकारी कैसे मिली। इस मामले में एटीएम में कैश जमा करने वाली संस्था हिटाची के लीगल एडवाइजर दीपक कुमार ने कोचस थाना में 32 लाख रुपये से अधिक की चोरी का मामला दर्ज कराया है।
एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल एटीएम लूटकांड को लेकर पूरे इलाके की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा होगा और अपराधी कानून के शिकंजे में होंगे।
संवाददाता : रोहतास ब्यूरो






