भोजपुर: बिहार में बालू के अवैध कारोबार और राजस्व चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। बालू माफिया पुलिस और खनन विभाग की निगरानी से बचने के लिए तकनीक का सहारा ले रहे थे। छपरा में खड़े ट्रैक्टरों के नाम पर पटना जिले के पुनपुन घाट से चालान कटवाने के लिए ट्रैक्टरों में लगे जीपीएस को बाइक पर लगाकर भेजा जाता था। इस मामले का खुलासा कोईलवर के बबुरा थाना पुलिस ने किया है। पुलिस ने 22 जीपीएस उपकरणों के साथ एक बाइक सवार को गिरफ्तार किया है। साथ ही जीपीएस लगी स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नया टोला बिशनपुरा निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे गश्ती के दौरान सूचना मिली कि एक युवक बाइक पर बड़ी संख्या में जीपीएस लेकर छपरा से कोईलवर की ओर आ रहा है। इसके बाद सिंगला प्लांट के पास फोरलेन पर वाहन जांच शुरू की गई। शाम करीब 5:20 बजे संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई। बाइक पर रखे प्लास्टिक के बोरे और अन्य स्थानों से कुल 22 जीपीएस बरामद हुए। सभी उपकरण बाइक की बैटरी से जुड़े और चालू हालत में थे।
छह महीने से चल रहा था खेल
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पिछले छह महीने से अधिक समय से इस काम में शामिल था। उसके गांव में 100 से अधिक ट्रैक्टर हैं। आरोप है कि इन ट्रैक्टरों के नाम पर पुनपुन घाट संख्या-03 से चालान जनरेट कराया जाता था, जबकि वाहन छपरा में खड़े रहते थे। जीपीएस और चालान वापस ट्रैक्टर मालिकों तक पहुंचाने के बदले युवक को प्रति चालान 700 रुपये मिलते थे।
जांच में फर्जी चालान के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। अवैध रूप से डंप किए गए बालू को वैध दिखाकर छपरा और मुजफ्फरपुर की मंडियों में भेजा जाता था।
एसडीपीओ सदर-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि जब्त जीपीएस के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। मामले में बबुरा थाना कांड संख्या 111/26 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।






