भागलपुर। जन सुराज पार्टी ने भागलपुर नगर इकाई के संगठन का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर 27 लोगों को जिम्मेदारी सौंपी है। इसको लेकर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिला महामंत्री मोहम्मद साबिर और क्षेत्रीय युवा प्रभारी सरदार हर्षप्रीत सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन विस्तार के तहत पवन कुमार को नगर अध्यक्ष, मो. तलाक हुसैन को महासचिव, रिंकू वर्मा को युवा अध्यक्ष और श्वेता झा को महिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दीपक झा और नीलिमा झा को संरक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा सचिन अभिषेक को प्रवक्ता, पीयूष साह को अति पिछड़ा वर्ग, प्रशांत कुमार को पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष, यश शर्मा को व्यवसाय प्रकोष्ठ, अरमान खान को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, मधुकर पांडेय को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ और राजेश झा को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। संगठन में छह उपाध्यक्ष और छह सचिव भी नियुक्त किए गए हैं।
इस मौके पर जिला महामंत्री मोहम्मद साबिर ने कहा कि प्रशांत किशोर का सपना बिहार को विकसित बनाकर देश के 10 अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारने के लिए पिछले कई महीनों से नगर इकाई के संगठन विस्तार की तैयारी चल रही थी, जिसे आज पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि अगले महीने प्रशांत किशोर भागलपुर आएंगे। उनके आगमन के बाद चयनित पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।
नवनियुक्त नगर अध्यक्ष पवन कुमार ने कहा कि जन सुराज केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है। उन्होंने भागलपुर की बदहाल व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर को स्मार्ट सिटी का दर्जा तो मिल गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर कहीं से भी यह स्मार्ट सिटी नजर नहीं आता। यहां भाजपा के विधायक और जदयू के सांसद होने के बावजूद विकास कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धरातल पर काम कम और हवा-हवाई बातें ज्यादा दिखाई दे रही हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और भागलपुर में एक सशक्त संगठन खड़ा करने का संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि नई टीम के गठन से नगर क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी।






