सहरसा: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड डी. राजा और बिहार राज्य सचिव कामरेड रामनरेश पांडेय 20 नवंबर को सहरसा पहुंचे। इस दौरान डी. राजा ने पार्टी के जिला कार्यालय ‘शहीद जयप्रकाश भवन’ का उद्घाटन किया। उद्घाटन से पहले उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर डी. राजा ने कहा कि आज देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने कई चुनौतियां हैं। संविधान की रक्षा केवल प्रतिमाओं पर फूल चढ़ाने से नहीं, बल्कि बाबा साहेब के विचारों और संविधान के मूल्यों को बचाने के लिए आगे आने से होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की अदालत सबसे बड़ी होती है। संविधान, संघीय ढांचे, गंगा-जमुनी संस्कृति और साझा विरासत की रक्षा के लिए जनआंदोलन जरूरी है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे अमीर और गरीब के बीच असमानता बढ़ रही है। उन्होंने घोषणा की कि 1, 2 और 3 दिसंबर को बिहारभर में जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला कार्यालय साल के 365 दिन जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए खुला रहेगा।
इसके बाद पूजा रिसोर्ट में भाकपा का 20वां जिला सम्मेलन आयोजित हुआ। इसका उद्घाटन राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने किया। उन्होंने बिहार में अपराध, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और मजदूरों के अधिकारों का मुद्दा उठाया। साथ ही संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में राष्ट्रीय परिषद सदस्य ओमप्रकाश नारायण ने भी संबोधित किया। उन्होंने एसआईआर के माध्यम से मताधिकार प्रभावित किए जाने की आशंका जताते हुए इसका विरोध किया।
सम्मेलन में जिला सचिव परमानंद ठाकुर ने राजनीतिक और सांगठनिक प्रतिवेदन पेश किया, जिसे चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान 52 सदस्यीय जिला परिषद का गठन हुआ। इसमें परमानंद ठाकुर को सर्वसम्मति से दोबारा जिला सचिव चुना गया।
सम्मेलन की अध्यक्षता आनंद ठाकुर, विजय कुमार यादव और राजकुमार चौधरी की तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली ने की। मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






