वैशाली जिले के बिदुपुर में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बिदुपुर हनुमान मंदिर के सामने स्थित संजय ज्वेलर्स को निशाना बनाकर आठ की संख्या में पहुंचे चोर लाखों रुपये के सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना 21 तारीख की सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। इस वारदात के बाद इलाके के दुकानदारों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दुकानदार रोज की तरह रात में अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान सुनसान माहौल का फायदा उठाकर आठ चोर दुकान के पास पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने पहले दुकान का ताला तोड़ा और फिर गोदरेज को काटकर उसमें रखे कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदार के मुताबिक, चोर करीब 400 ग्राम सोना और 13 किलो चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं।
सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकान का टूटा हुआ ताला देखा तो तत्काल दुकानदार को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कीमती आभूषण गायब थे। चोरी की इतनी बड़ी वारदात देखकर दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस पूरी घटना की तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में करीब आठ चोर पारंपरिक औजारों के सहारे दुकान का ताला तोड़ते और गोदरेज काटकर आभूषण निकालते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में चोरों के चेहरे भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती है।
घटना को लेकर दुकानदार ने बिदुपुर थाने में लिखित आवेदन देकर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है।
वहीं, बिदुपुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस बड़ी चोरी की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है।






