रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम के फजलगंज खेल मैदान में बुधवार को राज्य स्तरीय प्रमंडल विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन रोहतास की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें बिहार के विभिन्न प्रमंडलों और एकलव्य केंद्र के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, वरीय उप समाहर्ता विक्रम कुमार, हिमांशु शेखर, डायट प्राचार्या एवं जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए पूरी मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए भविष्य में रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बालक अंडर-17 वर्ग में दरभंगा प्रमंडल और एकलव्य बिहार की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तेज पासिंग और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। शुरुआती दौर में एकलव्य बिहार की टीम ने बढ़त हासिल की।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों की सुविधा और आयोजन की सफलता को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।






