भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेसजनों ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व, कृतित्व और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार झा ने कहा कि इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी भारतीय राजनीति की ऐसी सशक्त नेता थीं, जिन्होंने अपने दृढ़ नेतृत्व और साहसिक फैसलों से देश को नई दिशा दी। वह वर्ष 1966 से 1977 तक लगातार तीन कार्यकालों में प्रधानमंत्री रहीं। इसके बाद 1980 में दोबारा प्रधानमंत्री बनीं और 1984 में अपने निधन तक इस पद पर बनी रहीं। वह भारत की पहली और अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री थीं।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। गरीबों, किसानों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उन्होंने भारत की मजबूत पहचान स्थापित की। वर्ष 1983 से 1984 तक उन्होंने गुटनिरपेक्ष आंदोलन की अध्यक्षता भी की।
मुकेश कुमार झा ने कहा कि इंदिरा गांधी का साहस, संघर्ष, दूरदर्शी सोच और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों और आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके बताए रास्ते पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस मौके पर बैद्यनाथ झा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के अन्य कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।






