कोईलवर (आरा) नगर पंचायत कोईलवर के वार्ड संख्या 13 में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के पीछे झाड़ी से तीन दिनों से लापता करीब 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान स्व. राजेंद्र चौधरी के पुत्र गनौरी चौधरी के रूप में की गई है। युवक रविवार से ही घर से लापता था। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गनौरी चौधरी की थाना रोड स्थित कपिलदेव चौक के समीप मुर्गा बेचने की दुकान थी। दुकान के पीछे एक कुतिया ने कुछ दिनों पहले बच्चों को जन्म दिया था। बताया जाता है कि रविवार को गनौरी कुत्ते के बच्चों को देखने के लिए दुकान के पीछे गया था। इसी दौरान दुकान के चारों ओर सुरक्षा के उद्देश्य से लगाई गई लोहे की जाली में प्रवाहित बिजली की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव झाड़ियों में पड़ा रह गया।
मृतक के भाई ने भी करंट लगने से मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मंगलवार को स्थानीय लोगों की नजर झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना कोईलवर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इलाके के लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।





