भागलपुर में अमन और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़
भागलपुर में आज ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में उत्सवी माहौल देखने को मिला। कर्णगढ़, बरहपुरा, भीखनपुर, शाह मार्केट समेत शहर की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पहुंचकर बकरीद की विशेष नमाज अदा की।
नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। नए कपड़ों में बच्चे, बुजुर्ग और युवा नमाज अदा करने पहुंचे, जिससे पूरे शहर में पर्व की रौनक देखने को मिली।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर लोगों ने जरूरतमंदों के बीच मदद और सहयोग की भावना भी दिखाई।
वहीं बकरीद को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्त जारी रही और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।
जिला प्रशासन की ओर से लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई थी, जिसका असर पूरे शहर में साफ तौर पर देखने को मिला। प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से भागलपुर में बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
बकरीद के मौके पर धार्मिक उत्साह के साथ-साथ सामाजिक एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल भी देखने को मिली, जिसने भागलपुर की सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर मजबूत किया।