40 घंटे से अंधेरे में भागलपुर, बिजली बहाली की मॉनिटरिंग को हेलीकॉप्टर से पहुंचे बिजली विभाग के MD राहुल कुमार

भागलपुर सहित बिहार के कई जिलों में लगातार आए आंधी, बारिश और चक्रवाती तूफान ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भागलपुर शहर और आसपास के इलाकों में पिछले करीब 40 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल कराने और हालात का जायजा लेने के लिए नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड यानी NBPDCL और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड यानी SBPDCL के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार भागलपुर पहुंचे।

हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे प्रबंध निदेशक राहुल कुमार का स्वागत भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी सहित बिजली विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। इसके बाद उन्होंने मुख्य अभियंता विद्युत, अधीक्षण अभियंता और तीनों कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया डिवीजन में बिजली आपूर्ति की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल कुमार ने कहा कि बीती रात आए चक्रवात और फिर 26 मई की रात हुई तेज बारिश और आंधी के कारण कई जगहों पर बिजली के पोल, तार और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिजली एक इमरजेंसी सेवा है, इसलिए विभाग की टीमें दिन-रात लगातार काम कर रही हैं। रात में भी बिजली कर्मियों ने फील्ड में रहकर बहाली का कार्य किया और अभी भी कर्मचारी युद्धस्तर पर काम में जुटे हुए हैं।

वहीं जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने भी बिजली विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करने का अनुरोध किया। बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने निर्देश दिया कि जिन इलाकों में अब तक बिजली बहाल नहीं हो सकी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए जल्द आपूर्ति शुरू कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

  • Related Posts

    पलामू में एसपी का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

    पलामू/झारखंड। पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पलामू पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को पांडू थाना सहित महुदंड, लाठिया और खजूरी…

    बक्सर में दो सरकारी शिक्षक निलंबित, नाबालिग छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो मामले में POCSO एक्ट के तहत FIR

    बक्सर। जिले में नाबालिग छात्रा से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो के कथित निर्माण और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में शिक्षा विभाग ने दो सरकारी शिक्षकों के खिलाफ…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *