
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में छठ महापर्व के बीच अपराधियों ने गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के बछवाड़ा पंचायत अंतर्गत मरांची खुर्द गांव में संस्कृत विद्यालय के समीप खेत में अपराधियों ने भाई-बहन को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, संस्कृत विद्यालय के नजदीक खेत में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान गोली लगने से भाई और बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में दलसिंहसराय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हालांकि, गोलीबारी की इस घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। अपराधियों ने किस विवाद में भाई-बहन को निशाना बनाया और हमलावरों की संख्या कितनी थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुरानी रंजिश या अन्य विवाद की आशंका को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों पूरा इलाका लोक आस्था के महापर्व छठ की भक्ति में डूबा हुआ है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे संवेदनशील समय में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
फिलहाल घटना के बाद सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। पुलिस जांच के बाद ही वारदात की असली वजह और अपराधियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक हमलावरों को गिरफ्तार कर पाती है।





