सहरसा। बनगांव थाना क्षेत्र के रहुआ नहर के पास अज्ञात चारपहिया वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल 37 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान रविवार देर शाम मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं।
मृतका की पहचान महिषी स्थित तारास्थान के बगल वार्ड संख्या-13 निवासी संजीत महतो की पत्नी सुलेखा देवी (37) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में परिजन शंकर कुमार ने बताया कि बुधवार को सुलेखा देवी आंख दिखाने के लिए बाइक से सहरसा आई थीं। डॉक्टर से दिखाने के बाद वह बाइक से वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बनगांव रोड स्थित रहुआ नहर के पास एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुलेखा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उन्हें लेकर दरभंगा पहुंचे, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार देर शाम जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में सुलेखा देवी हार गईं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जाता है कि मृतका के पति संजीत महतो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में पत्नी की असमय मौत के बाद तीन मासूम बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। मां की ममता से वंचित हुए बच्चों का भविष्य भी अब परिवार के लिए बड़ी चिंता बन गया है।
घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई में लगी है। वहीं, परिजन फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





