समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छठ महापर्व के लिए घर में तैयार किए जा रहे प्रसाद के पकवान को जूठा करने से नाराज मां ने अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
मृत बच्ची की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि छठ पूजा को लेकर परिवार के सदस्य घर के बगल में घाट बनाने गए हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में छठ पूजा के प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। इसी बीच उनकी बेटी सुहानी ने तैयार पकवान को जूठा कर दिया। इससे नाराज होकर रीना कुमारी ने बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी।
पिटाई के बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उसकी मां ही उसे लेकर इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस दर्दनाक घटना ने छठ पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया है। जिस घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मासूम की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्टर: संतोष कुमार ठाकुर, समस्तीपुर।





