
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में अरफान इमाम उर्फ कल्लू की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों देर रात सिमरी गांव में अज्ञात अपराधियों ने अरफान इमाम उर्फ कल्लू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष रणनीति के तहत जांच तेज कर दी।
तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को इस हत्याकांड में अहम सुराग मिले, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर-सिमरी गांव निवासी प्रमोद कुमार चौधरी के पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। इसके अलावा मृतक की पत्नी और एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
इस पूरे मामले में दानापुर एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि बिहटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग हत्या की वजह के रूप में सामने आया है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही हत्या में शामिल अन्य संभावित लोगों और घटना से जुड़े साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके में हत्याकांड को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगने की उम्मीद है।





