नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ माहौल; चार दिनों तक सूर्य उपासना में लीन रहेंगे श्रद्धालु

बिहार समेत पूरे देश में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों से लेकर घरों और घाटों तक छठी मैया के गीत गूंजने लगे हैं और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।

लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा के साथ हो गई है। इस दिन व्रत करने वाले श्रद्धालु पवित्र स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण किया जाता है।

Sponsored Advertisement

नहाय-खाय के दिन व्रती अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार करते हैं। मान्यता है कि इस दिन से ही शरीर और मन की शुद्धता के साथ छठ व्रत की शुरुआत होती है। घरों में साफ-सफाई और पूजा-पाठ का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

वहीं, छठ महापर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, सब्जियां, नारियल, सूप, दउरा और बांस से बने पूजा के सामानों की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार पूजन सामग्री खरीद रहे हैं। इसके साथ ही घरों और छठ घाटों की साफ-सफाई एवं सजावट का काम भी तेजी से चल रहा है।

बता दें कि छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।

इसके बाद व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे और अगले दिन उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि पवित्रता, अनुशासन, त्याग और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। यही वजह है कि देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु भी पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ इस महापर्व को मनाते हैं।

Related Posts

छठ महापर्व को लेकर हाजीपुर में प्रशासन अलर्ट, घाटों की सुरक्षा और तैयारियों का लगातार हो रहा निरीक्षण

छठ महापर्व को लेकर हाजीपुर में प्रशासन अलर्ट, घाटों की सुरक्षा और तैयारियों का लगातार हो रहा निरीक्षण

बेगूसराय में पटाखों की चिंगारी से लगी भीषण आग, गैस सिलेंडरों में धमाकों से मची अफरातफरी; लाखों की संपत्ति जलकर राख

बेगूसराय में पटाखों की चिंगारी से लगी भीषण आग, गैस सिलेंडरों में धमाकों से मची अफरातफरी; लाखों की संपत्ति जलकर राख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *