बिहार के मधुबनी जिले से बड़ी खबर सामने आई है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजपुर गांव में 2 नवंबर को हुई गोलीबारी की घटना के आरोपी वांछित एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव बरामद हुआ है। गुरुवार देर शाम बलिराजगढ़ के पास बोरे में पैक हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास से सरकारी रिवॉल्वर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, लैपटॉप और मोबाइल बरामद किया गया है। एसएसपी योगेंद्र कुमार ने शव की पहचान एएसआई चंद्रमोहन सिंह के रूप में की है।
दरअसल, बीते 2 नवंबर को एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने अवैध संबंध के विवाद में कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक महिला समेत कई लोग घायल हुए थे। वारदात के बाद से ही एएसआई फरार चल रहा था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए शुरुआत में विशेष टीमों का गठन किया गया था। बाद में पुलिस ने 12 विशेष टीमों को उसकी तलाश में लगाया। नेपाल सहित कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इतना ही नहीं, आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
इसी बीच गुरुवार देर शाम बलिराजगढ़ के पास एक बोरे में बंद शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ सदर-2 और पुलिस टीम ने शव को बरामद किया। शव के पास मिले सरकारी हथियार और पहचान पत्रों के आधार पर उसकी पहचान चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई।
मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने भी एएसआई की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





