बिहार का खजाना खाली नहीं, तेजस्वी जनता को बरगला रहे हैं” – जीतन राम मांझी का पलटवार

पटना: बिहार के सरकारी खजाने को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा राज्य के खजाने के खाली होने और बिहार के कंगाली की ओर बढ़ने के दावे पर केंद्रीय मंत्री एवं हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पटना पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मांझी ने तेजस्वी यादव के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया और कहा कि बिहार में धन की कोई कमी नहीं है।

 

Sponsored Advertisement

मांझी ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास कार्यों को गति दे रही हैं। ऐसे में यह कहना कि बिहार का खजाना खाली हो गया है, पूरी तरह गलत और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार आर्थिक सहायता मिल रही है और राज्य के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी सरकारें विकास कार्यों के लिए जरूरत पड़ने पर ऋण लेती हैं। लोन लेना कोई असामान्य बात नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि उस धन का उपयोग जनता के हित में किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार को लगातार सहयोग मिल रहा है, इसलिए आर्थिक संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है।

 

तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मांझी ने कहा कि उन्हें शासन और प्रशासन का पर्याप्त अनुभव नहीं है। इसी कारण वे इस तरह के बयान देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।

 

गौरतलब है कि शुक्रवार को तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा कर दावा किया था कि बिहार का खजाना लगभग खाली हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार के पास सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन भुगतान तक के लिए पर्याप्त धन नहीं है। इसके बाद राज्य की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

  • Related Posts

    भागलपुर में VLCC का नया आउटलेट शुरू, मेयर वसुंधरा लाल ने किया उद्घाटन

    भागलपुर। शहर में सौंदर्य, त्वचा और बालों की देखभाल से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का एक और विकल्प जुड़ गया है। सैंडिस कंपाउंड के पास पुलिस लेन रोड में VLCC का…

    पूर्णिमा पर अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर से पितृपक्षीय श्राद्ध शुरू, 10 अक्टूबर को होगा समापन

    सहरसा। भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर 26 सितंबर को अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर, रविवार से पितृपक्षीय पार्वण श्राद्ध का शुभारंभ होगा। वहीं, 10 अक्टूबर को आश्विन अमावस्या के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *