
बिहार के समस्तीपुर जिले में मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकाली गई शोभायात्रा में आग के करतब ने एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक झुलसकर घायल हो गया। घटना के बाद शोभायात्रा में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इस पूरी घटना का LIVE VIDEO अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र का है। बुधवार की देर शाम वैनी बाजार से मां काली की प्रतिमा विसर्जन को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। इस दौरान कलाकार विभिन्न तरह के करतब और आकर्षक झांकियों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन कर रहे थे।
इसी क्रम में शोभायात्रा जब बिरौली चौक के समीप पहुंची, तो एक कलाकार मुंह से ज्वलनशील तरल पदार्थ निकालकर आग के साथ करतब दिखाने लगा। इसी दौरान कलाकार के मुंह से निकला ज्वलनशील तरल पदार्थ पास में खड़े एक युवक के शरीर पर जा गिरा। देखते ही देखते युवक आग की लपटों से घिर गया। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और झुलसे युवक को तत्काल इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल युवक का उपचार जारी है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक शोभायात्राओं में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल घायल युवक की पहचान और उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि धार्मिक आयोजनों में इस तरह के जोखिम भरे करतबों की अनुमति के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जाते? आखिर ऐसी लापरवाही पर जिम्मेदारी किसकी होगी?





