बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में चोरी के शक में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। लहेरी थाना क्षेत्र के मेहरपर मोहल्ले में स्थानीय लोगों ने चोरी के संदेह में एक युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। पिटाई में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जख्मी युवक की पहचान बिहारशरीफ के बड़ी पहाड़ी निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक कथित तौर पर चोरी का सामान किसी व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान मेहरपर मोहल्ले के स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने उसे पकड़ लिया और चोरी के शक में मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान युवक को काफी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने भीड़ के चंगुल से युवक को छुड़ाया और इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में उस समय नया मोड़ आ गया, जब इलाज के दौरान जख्मी युवक अस्पताल से भागने की कोशिश करने लगा। युवक को भागते देख स्थानीय लोगों और डायल 112 की टीम ने उसका पीछा किया और खदेड़कर दोबारा पकड़ लिया।
इसके बाद युवक का इलाज कराया गया। उपचार के बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के खिलाफ चोरी से संबंधित क्या मामला है और घटना के दौरान उसके साथ मारपीट करने वाले लोगों की भूमिका क्या रही।
चोरी के शक में किसी को भी कानून हाथ में लेकर पीटने की घटना ने एक बार फिर भीड़ की मनमानी और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





