पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का बवाल, ट्रैक जाम और पत्थरबाजी में रेल आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल



पटना: राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय भारी हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब परीक्षा देने जा रहे छात्रों का गुस्सा रेलवे प्रशासन पर फूट पड़ा। ट्रेनों के लगातार विलंब से नाराज छात्रों ने स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया, रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और कई ट्रेनों में तोड़फोड़ की। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी में रेल आईजी जीतेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों की ओर जा रहे थे। परीक्षा केंद्र दूर-दराज के इलाकों में होने के कारण अधिकांश अभ्यर्थी रेलवे सेवा पर निर्भर थे। लेकिन कई ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने की सूचना के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते सैकड़ों छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर आए।

आक्रोशित छात्रों ने ट्रैक पर बैठकर रेल परिचालन बाधित कर दिया और परीक्षा रद्द करने की मांग करने लगे। उनका कहना था कि ट्रेनों की देरी के कारण वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाएंगे, जिससे उनके भविष्य पर असर पड़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने रेलवे प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेल आईजी जीतेंद्र राणा, रेल एसपी, आरपीएफ और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा समझाने के प्रयास के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ उग्र तत्वों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस घटना में रेल आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। रेलवे संपत्ति और कुछ ट्रेनों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।

बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना के कारण राजधानी एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। फिलहाल स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

रेल आईजी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

बोकारो में जंगली फल खाने से पांच छात्राएं बीमार, अस्पताल में भर्ती; सभी की हालत स्थिर

बोकारो में जंगली फल खाने से पांच छात्राएं बीमार, अस्पताल में भर्ती; सभी की हालत स्थिर

धनबाद में पति बना हैवान! मामूली विवाद में पत्नी की गर्दन पर ब्लेड से किया हमला, हालत गंभीर

धनबाद में पति बना हैवान! मामूली विवाद में पत्नी की गर्दन पर ब्लेड से किया हमला, हालत गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *