वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक को गोली मारने के बाद लापता कर दिया। घटना नरेंद्र प्रबोधी गांव की है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं। वहीं, गोली लगने के बाद लापता हुए युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लापता युवक की पहचान मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग चौक निवासी स्वर्गीय कुशेश्वर राय के पुत्र टिंकू कुमार उर्फ विवेक कुमार के रूप में हुई है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और युवक को गोली मारने के बाद कहां ले जाया गया, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। वहीं, लापता युवक की तलाश में पुलिस के साथ ग्रामीण भी जुटे हुए हैं। आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार और सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। साथ ही मामले के शीघ्र खुलासे और लापता युवक की बरामदगी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता लापता युवक का पता लगाना है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इस घटना को लेकर इलाके के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक युवक को बरामद कर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर पाती है।





