
भारत स्काउट और गाइड, सहरसा के तत्वावधान में स्थानीय जिला स्कूल सभागार में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी सह सभापति रोहित रौशन शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने झंडोत्तोलन किया तथा आयोजित रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं का निरीक्षण कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य समारोह का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान स्काउटिंग के जनक लॉर्ड बेडेन पॉवेल की प्रतिमा पर अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। जिला संगठन आयुक्त रविरंजन ने मुख्य अतिथि को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रोहित रौशन ने कहा कि भारत स्काउट और गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, सहयोग, समर्पण और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं से लॉर्ड बेडेन पॉवेल के आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करती है।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं निबंध लेखन, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला मुख्य आयुक्त नुनुमणि सिंह, पूर्व प्राचार्य राणा जयराम सिंह, पूर्व सचिव चंद्रशेखर पोद्दार, सुधा कुमारी, प्राचार्य प्रभाष मिश्र, जिला सचिव शंभु प्रसाद यादव, राज्य प्रतिनिधि स्काउटर सैयद शमी अहमद, प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह, स्काउट मास्टर आनंद कुमार झा, गौतम कुमार ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
समारोह का समापन सेवा, अनुशासन, सामाजिक समरसता, सहयोग और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।






