भागलपुर आस्था, भक्ति और श्रद्धा के महापर्व काली पूजा को लेकर भागलपुर में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पूजा के अवसर पर सुबह से ही शहर के विभिन्न काली मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां काली के दर्शन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। वहीं, महिला श्रद्धालुओं में मां काली का खोइछा भरने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
शहर के परवती काली मंदिर, रामसर काली मंदिर, जीरोमाइल काली मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतार लगी रही। महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां काली की पूजा-अर्चना करती नजर आईं। इस दौरान महिलाओं ने मां का खोइछा भरकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
काली पूजा को लेकर मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही। मां के दर्शन के लिए पुरुषों, महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। वहीं, मंदिरों में गूंजते मां काली के जयकारों से आसपास का इलाका भी भक्तिरस में डूबा नजर आया।
इधर, मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
काली पूजा के अवसर पर भागलपुर के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और महिलाओं की लंबी कतार ने शहर में धार्मिक उत्साह और आस्था की खूबसूरत तस्वीर पेश की। पूरे शहर में मां काली की भक्ति और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।






