मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में दिवाली की देर रात पटाखे की चिंगारी से एक कबाड़ दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें दो मंजिला इमारत तक पहुंचने लगीं। घटना सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया में नंदन गार्डन अपार्टमेंट के पास की है। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव और अग्निशमन विभाग के वरीय अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी आयुष कुमार के अनुसार, पटाखे की एक चिंगारी कबाड़ दुकान पर गिरी, जिसके बाद आग भड़क उठी। वहीं, उनकी मां ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे जब वह सोने की तैयारी कर रही थीं, तभी अचानक बाहर शोर सुनाई दिया। घर से बाहर निकलने पर दुकान में भीषण आग लगी दिखाई दी। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
कबाड़ दुकान के ठीक पास नंदन गार्डन अपार्टमेंट होने के कारण आसपास के लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका को लेकर डर का माहौल था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया है। इससे दुकानदार को करीब 10 से 12 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मामले में डिस्ट्रिक्ट फायर ऑफिसर प्रज्ञा शरण ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेज दिया गया था। अग्निशमन टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग को आसपास फैलने से रोक लिया। फिलहाल प्रशासन की ओर से अग्निकांड में हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।






