
सहरसा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दिवारी गांव में छापेमारी कर 10 किलो 550 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से 710 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दिवारी गांव के वार्ड नंबर-02 निवासी विनोद यादव अपने घर से गांजे की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार कर रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुप्रिती वर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
घर की तलाशी लेने पर करकटनुमा मकान में रखे चदरे के एक बक्से से 10.550 किलोग्राम गांजा और 710 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने गांजा और नकदी जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनोद यादव, पिता स्वर्गीय सतो यादव, का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में सोनवर्षा कचहरी थाना कांड संख्या-107 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष सुप्रिती वर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।





