जमुई में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, खैरा के खेल भवन का होगा कायाकल्प; जिला प्रशासन और जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच हुआ MoU

जमुई। जमुई जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। अब जिले के बच्चों और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आधुनिक संसाधन और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। इसी उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला प्रशासन जमुई और जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच खैरा स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला के पुनरुद्धार, संचालन एवं प्रबंधन को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

 

Sponsored Advertisement

इस समझौते के तहत खैरा के खेल भवन को आधुनिक और बहुआयामी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण के साथ शारीरिक फिटनेस और व्यक्तित्व विकास की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

खेल के क्षेत्र में भी बनेगी जमुई की पहचान

 

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही विशेषज्ञ प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जमुई की पहचान पर्यटन, सांस्कृतिक संरक्षण और उद्योग के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी स्थापित होनी चाहिए। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करें, यही प्रशासन की परिकल्पना है।

 

2016 से जमुई में काम कर रहा जेएम फाउंडेशन

 

जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन की ट्रस्टी, कार्यकारी निदेशक एवं ग्रुप हेड-सीएसआर पूजा दवे ने बताया कि फाउंडेशन वर्ष 2016 से जमुई में सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से काम कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका और खेल विकास के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2021 से संचालित खेल परियोजना के तहत जिले के छह प्रखंडों में आठ प्रशिक्षण केंद्र चल रहे हैं। इनमें एथलेटिक्स और फुटबॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक दो हजार से अधिक बच्चे इस परियोजना से जुड़ चुके हैं, जबकि करीब एक हजार बच्चे नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। कई खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया, एसजीएफआई, सुब्रतो कप और एआईएफएफ जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं।

 

तीन मंजिला भवन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

 

खैरा स्थित तीन मंजिला खेल भवन की प्रत्येक मंजिल लगभग 10 हजार वर्गफुट में फैली है। भूतल पर आधुनिक जिम, कार्डियो और वेट ट्रेनिंग की सुविधा होगी। प्रथम तल पर तायक्वोंडो और कुश्ती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, ऊपरी मंजिल पर टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, योग, जुम्बा और एरोबिक्स की व्यवस्था होगी। इसके लिए अनुभवी प्रशिक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी।

 

इस पहल से खासकर ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जेएम फाइनेंशियल ग्रुप के सदस्य और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Posts

किशनगंज में शिक्षा विभाग की DPO रूबी कुमारी के चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से 80% अधिक संपत्ति का मामला

बिहार के किशनगंज जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने…

सीवान के महाराजगंज में कोचिंग करने आए छात्र पर चाकू से हमला, दो जगह वार से मचा हड़कंप

सीवान: बिहार के सीवान जिले के महाराजगंज शहर में कोचिंग करने आए एक छात्र पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अचानक हुए इस हमले के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *