जमुई में शराबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच जमुई जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान 589.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद अधीक्षक जमुई के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम डुमरी चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गिरिडीह (झारखंड) की ओर से आ रही एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को जांच के लिए रोका गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम भी हैरान रह गई। तस्करों ने शराब की बड़ी खेप को प्लास्टिक की पानी की टंकी में छिपाकर रखा था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो।
तलाशी के दौरान वाहन से ब्लैक टाइगर व्हिस्की और ओल्ड हैबिट व्हिस्की बरामद की गई। उत्पाद विभाग के अनुसार, कुल 65.5 पेटियों में रखी 996 बोतलें जब्त की गईं, जिनकी कुल मात्रा 589.500 लीटर बताई गई है।
इस कार्रवाई में गिरफ्तार तस्करों की पहचान रंजीव कुमार दास और विशेषेश्वर सिंह के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बच्छेडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप (नंबर JH-12P-0104) को भी जब्त कर लिया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अवैध शराब से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही लोगों से नशामुक्त जमुई बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।






