झारखंड में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के भुगतान में हो रही देरी और लाभुकों को हो रही परेशानियों के विरोध में सोमवार को भाजपा की फतेहपुर एवं बिंदापाथर मंडल कमेटी की ओर से फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से लंबित पेंशन का भुगतान जल्द कराने की मांग उठाई।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता फतेहपुर मंडल अध्यक्ष संजय मंडल ने की, जबकि संचालन बिंदापाथर मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव ने किया। कार्यक्रम में नाला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सह भाजपा के वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
धरना को संबोधित करते हुए माधव चंद्र महतो ने कहा कि राज्य में हजारों जरूरतमंद लाभुकों को महीनों से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत है। वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लोगों के लिए पेंशन की राशि दैनिक जरूरतों, दवा और इलाज का महत्वपूर्ण सहारा है। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि पात्र लाभुकों का अधिकार है। सरकार को लंबित पेंशन का अविलंब भुगतान करने के साथ नए पात्र लाभुकों के आवेदनों को भी स्वीकृति देनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
युवा नेता मनोज गोस्वामी ने कहा कि समय पर पेंशन नहीं मिलने से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।
धरना-प्रदर्शन के अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम सात सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
इस मौके पर जिला महामंत्री अभय कुमार सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, जिला उपाध्यक्ष कृष्णा महतो, प्रसेनजीत घोष, गोपाल महतो, विष्णु मंडल, अमित मंडल, अमिता हांसदा, निवारण मंडल, विक्रम सिंह, अमित सिंह, राजेश महतो, गौतम महतो, किरण बेसरा और पंकज मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, वृद्ध महिलाएं एवं युवा मौजूद रहे।
**संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा**





