भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध कारतूस तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। मनभावन मोड़ के समीप कार्रवाई करते हुए टीम ने एक सफारी कार से 20 हजार से अधिक कारतूस बरामद किए हैं। मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान एक लोडेड पिस्टल भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में दो मुजफ्फरपुर और एक सिवान जिले का रहने वाला है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कारतूस पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बिहार लाए जा रहे थे। इन्हें मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी। बरामद सभी कारतूस 7.65 एमएम के बताए जा रहे हैं।
**गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी**
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफारी कार से भारी मात्रा में अवैध कारतूस बिहार लाए जा रहे हैं। इसके बाद कोईलवर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने रविवार से ही निगरानी शुरू कर दी थी। बताया जाता है कि तस्कर रविवार रात वाराणसी में रुक गए थे। सोमवार सुबह उनके बिहार में प्रवेश करने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अलर्ट हो गई। सुबह करीब 10:30 बजे मनभावन मोड़ के पास कार को घेर लिया गया।
**भागने के प्रयास में दो कारों को मारी टक्कर**
पुलिस से घिरने के बाद तस्करों ने कार लेकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी सफारी कार ने पीछे से आ रही हैरियर और सामने से आ रही नेक्सन कार में टक्कर मार दी। दोनों वाहनों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने कार सवार तीनों आरोपितों को पकड़ लिया।
**मोबाइल और जीपीएस का नहीं कर रहे थे इस्तेमाल*
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तस्कर अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए मोबाइल फोन, जीपीएस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। तलाशी में एक आरोपी की कमर से लोडेड पिस्टल बरामद हुई।
कारतूस की भारी बरामदगी के बाद एसटीएफ के वरीय पदाधिकारी अंजनी सिंह भी पटना से कोईलवर पहुंचे और आरोपितों से पूछताछ की। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क के सप्लायर, आपराधिक इतिहास और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।





