सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर फेकराही के समीप कोसी नदी में एक 21 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान सुपौल जिले के सिमराहा बाजार, वार्ड नंबर-4 निवासी बिट्टू कुमार (21 वर्ष), पिता मिथिलेश दास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर पंचायत के उपसरपंच कलीमुल्लाह ने कोसी नदी में युवक का शव मिलने की सूचना नवहट्टा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद मृतक की पहचान की गई और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
मृतक के पिता मिथिलेश दास ने बताया कि उनका बेटा एक अन्य व्यक्ति के साथ कपड़ा बेचने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि बिट्टू पुल से नदी में गिर गया है। फोन पर मिली इस सूचना के बाद से ही परिजन उसकी तलाश और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगे हुए थे।
वहीं, नदी में बेटे का शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
फिलहाल नवहट्टा थाना पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि युवक किन परिस्थितियों में पुल से नदी में गिरा था। उसके साथ मौजूद व्यक्ति की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





