बिहार के बेगूसराय जिले में 24 वर्षीय फाइनेंस कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक के साथ किराए के मकान में रह रही युवती को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। फिलहाल पुलिस मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
**किराए के मकान में युवती के साथ रहता था अमृत**
मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर वार्ड नंबर-3 निवासी 24 वर्षीय अमृत कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमृत एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और वर्तमान में रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा वार्ड नंबर-16 में किराए के मकान में रह रहा था। इसी मकान में अर्चना कुमारी नाम की युवती भी उसके साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे।
**रात 9 बजे हुई थी आखिरी बातचीत**
परिजनों के अनुसार, अमृत कुमार से उनकी आखिरी बातचीत रात करीब 9 बजे हुई थी। उस समय बातचीत सामान्य थी और किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं मिली थी। लेकिन अगली सुबह उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। अचानक हुई इस घटना से परिजन स्तब्ध हैं और मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं।
**युवती से पुलिस कर रही पूछताछ**
अमृत की मौत के बाद पुलिस ने उसके साथ रहने वाली युवती अर्चना कुमारी से पूछताछ की है। पुलिस मकान में रहने की परिस्थितियों, दोनों के आपसी संबंधों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। इस मामले में मकान मालकिन उषा देवी का बयान भी अहम माना जा रहा है।
**हत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत?**
फिलहाल अमृत कुमार की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।





