
जामताड़ा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह बुधवार को अपने संथाल परगना प्रवास के दौरान जामताड़ा पहुंचीं। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय बुदूडीह में जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में उनका भव्य स्वागत किया गया। साथ ही पार्टी की ओर से परिचय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संथाल परगना का यह उनका पहला प्रवास है। कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत से वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि संथाल क्षेत्र के दौरे के दौरान महिलाओं की स्थिति और उनकी समस्याओं को करीब से जानने का अवसर मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आदिवासी महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है। कई महिलाओं ने बातचीत के दौरान अपनी समस्याएं और पीड़ा साझा की हैं। इसी कारण उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपना पहला दौरा संथाल परगना का रखा।
डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा मुख्य रूप से सांगठनिक है। जिला कार्यसमिति के गठन को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन की मजबूती के लिए अंतिम पायदान पर खड़े कार्यकर्ता से संवाद किया जाता है। इसके बाद पार्टी हित और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को मैया सम्मान योजना के नाम पर ठगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को योजना की राशि नहीं मिल रही है और छात्र तथा किसान भी अपेक्षित लाभ से वंचित हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से महिला कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। आने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों को कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से पूरा करेंगे।
मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटूल, प्रदेश महामंत्री रेणु तिर्की, सुकुमणि हेम्ब्रम, माधव चंद्र महतो, मनीष दुबे, कमल गुप्ता, मुरारी भूषण सिंह, लवली पाठक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन, किरण बेसरा, आभा आर्या सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा।






