बिहार के किशनगंज जिले में मवेशी घर में अचानक आग लगने से दो मवेशियों की जलकर मौत हो गई। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे मवेशी घर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद चार अन्य मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना पौआखाली थाना क्षेत्र के पेटभरी गांव की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे पेटभरी गांव निवासी मोहम्मद अकमल खान के मवेशी घर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि मवेशी घर से आग की चिंगारी उठती दिखाई दी, जो देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
इस दौरान आग की चपेट में आने से दो मवेशियों की जलकर मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मवेशी घर में बंधे अन्य चार मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की भयावहता को देखते हुए गांव के लोगों ने सामूहिक प्रयास कर काफी देर बाद आग पर काबू पाया।
इस अगलगी की घटना में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पौआखाली थाना अध्यक्ष शंखराज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी संगठनों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने और नुकसान का आकलन किए जाने का इंतजार है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।





